आधार कार्ड में नाम बदलें: कितनी बार और कैसे? जानें पूरी जानकारी
यह तो आप जानते ही होंगे कि आधार कार्ड कितना महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके बिना आपकी केवाईसी नहीं हो सकती और न ही कोई नया खाता खुल सकता है। इसके कई फायदे हैं, लेकिन फिलहाल हम बात कर रहे हैं इसमें लिखे आपके नाम के बारे में। अगर आपके आधार कार्ड में नाम में गलती है तो उसमें सुधार कराना जरूरी है।
आप पहली बार अपने नाम में बदलाव कर सकते हैं। लेकिन अगर पहली बार नाम में बदलाव के बाद भी गलती रह जाए तो क्या दूसरी बार भी आधार कार्ड में दिए नाम में बदलाव कर सकते हैं? आइए आपको बताते हैं कि आधार कार्ड में आप कितनी बार नाम बदल सकते हैं और इसके लिए आपको कौन से दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी?
कितनी बार बदल सकते हैं नाम?
आधार कार्ड पर व्यक्तिगत जानकारी जैसे कि नाम, पता आदि अपडेट करने के लिए UIDAI के कुछ नियम हैं। इन नियमों के अनुसार, आप अपने आधार कार्ड पर नाम केवल 2 बार बदल सकते हैं। छोटे-मोटे बदलाव, जैसे वर्तनी की गलतियों को सुधारना, नामों के क्रम को बदलना या शादी के बाद नाम अपडेट करना की अनुमति है। इन बदलावों के लिए 50 रुपये का मामूली शुल्क लगेगा, जिससे यूजर एक ही अनुरोध में दो फील्ड्स को अपडेट कर सकते हैं।
तीसरी बार नाम बदलवाना हो तो क्या करें?
अगर आपको तीसरी बार नाम बदलने की जरूरत पड़ती है, तो इसके लिए आपको विशेष अनुमति लेनी होगी और इसके लिए ठोस कारण भी देना होगा। आपको UIDAI के ऑफिस में जाकर एक एप्लिकेशन देनी होगी जिसमें आपको यह बताना होगा कि आप तीसरी बार आधार कार्ड में नाम क्यों बदलवाना चाहते हैं।
आधार कार्ड में नाम बदलने का तरीका ऑनलाइन:
आधार कार्ड में नाम बदलने के लिए अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप इसे घर बैठे ऑनलाइन कर सकते हैं। यहां हम आपको आसान तरीके से बताएंगे कि कैसे आप अपने आधार कार्ड में नाम बदल सकते हैं।
- सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट (https://uidai.gov.in) पर जाएं।
- “My Aadhaar” सेक्शन में जाएं और “Update Your Aadhaar” पर क्लिक करें।
- अब “Update Demographics Data Online” पर क्लिक करें।
- अपने आधार नंबर और कैप्चा कोड डालकर लॉगिन करें।
- OTP (One Time Password) आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इसे डालकर वेरिफाई करें।
- अब “Name” ऑप्शन को चुनें और नया नाम डालें।
- आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें जो आपके नए नाम को प्रमाणित करते हों। जैसे कि पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि।
- सबमिट करने के बाद, आपको एक URN (Update Request Number) मिलेगा। इसे नोट कर लें ताकि आप अपने अपडेट स्टेटस को ट्रैक कर सकें।
आधार कार्ड में नाम अपडेट करने के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होती है?
आधार कार्ड में नाम बदलने के लिए आवश्यक दस्तावेज में जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, पैन कार्ड या सरकार द्वारा अनुमोदित जन्मतिथि का कोई भी प्रमाण देना होगा। राजपत्र अधिसूचना, विवाह प्रमाण पत्र, न्यायालय आदेश या नाम परिवर्तन की आवश्यकता को प्रमाणित करने वाले अन्य कानूनी दस्तावेज भी मान्य हैं। आप दस्तावेजों की सूची देखने के लिए यूआईडीएआई की वेबसाइट देख सकते हैं।
