WWE Survivor Series 2025: विमेंस वॉरगेम्स मैच में रिया रिप्ली की टीम की धमाकेदार जीत, बैकी लिंच की टीम को मिली करारी हार
WWE Survivor Series 2025 की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई। विमेंस वॉरगेम्स मैच में जमकर बवाल मचा, जिसमें रिया रिप्ली की टीम और बैकी लिंच की टीम के बीच मुकाबला हुआ। इस रोमांचक मैच में 10 सुपरस्टार्स ने अपने दमदार एक्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। अंत में, रिया रिप्ली की बेबीफेस टीम ने शानदार जीत दर्ज की। हालांकि, बैकी लिंच की टीम का दबदबा दिखाई दिया, लेकिन खराब केमिस्ट्री के कारण उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के लिए पूरी तरह से ओस्का जिम्मेदार रहीं, जिन्होंने अंतिम समय में गड़बड़ कर दी। यह विमेंस रेसलिंग का एक शानदार मुकाबला था, जिसने WWE यूनिवर्स को रोमांचित कर दिया।
विमेंस वॉरगेम्स मैच में क्या हुआ?
विमेंस वॉरगेम्स मैच की शुरुआत शार्लेट फ्लेयर और ओस्का ने की। इसके बाद, हर पांच-पांच मिनट में अन्य सुपरस्टार्स ने एंट्री की, जिनमें इयो स्काई, बैकी लिंच, एजे ली, एलेक्सा ब्लिस, नाया जैक्स, कायरी सेन और रिया रिप्ली शामिल थीं। मुकाबले में सबसे अंत में लैश लीजेंड आईं, जिसके बाद असली वॉरगेम्स शुरू हुआ। लीजेंड ने आते ही तबाही मचा दी और बेबीफेस टीम का कोई भी सदस्य उनके सामने टिक नहीं पाया। उन्होंने रिया रिप्ली को भी धराशाई कर दिया।
ऐसा लग रहा था कि हील टीम की जीत हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ओस्का ने मिस्ट का इस्तेमाल किया और इसे रिप्ली के मुंह पर डाला, लेकिन शार्लेट फ्लेयर ने उन्हें बचा लिया। गलती से मिस्ट लैश लीजेंड के मुंह पर चला गया, जिससे मामला बिगड़ गया। इसके बाद, केज के टॉप से ट्रैश केन के जरिए स्काई ने अन्य सदस्यों की हालत खराब कर दी। बैकी अकेले ही रिंग में बच गई थीं, एलेक्सा ने उन्हें अपना मूव लगाया, रिया ने बैकी को रिपटाइड लगाया, और अंत में एजे ली ने बैकी को ब्लैक विडो सबमिशन मूव दिया। बैकी ने टैपआउट कर लिया और उनकी टीम को हार मिली। इस हार्डकोर मैच में डब्ल्यूडब्ल्यूई के सभी दिग्गजों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सर्वाइवर सीरीज में यह एक यादगार मुकाबला रहा।
बैकी लिंच और एजे ली की राइवलरी रहेगी जारी
Wrestlepalooza 2025 में एजे ली ने अपने पति सीएम पंक के साथ मिलकर बैकी लिंच और सैथ रॉलिंस को हराया था। इसके बाद, हाल ही में Raw में एजे ने वापसी कर बैकी का ध्यान भटकाया था। ली की वजह से बैकी को अपनी विमेंस आईसी चैंपियनशिप मैक्सिकन डुप्री के खिलाफ गंवानी पड़ी थी। विमेंस वॉरगेम्स मैच के अंत में एजे ने ही बैकी को सबमिशन मूव लगाया, जिससे लगता है कि दोनों की राइवलरी आगे भी जारी रहेगी। बहुत जल्द एजे और बैकी के बीच सिंगल्स मुकाबला देखने को मिल सकता है। फीमेल रेसलर्स के बीच यह फ्यूड काफी रोमांचक होने वाला है। WWE Rumors के अनुसार, इस मैच में कई और ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं।
